अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, अब 25 की जगह 18 फीसदी, ट्रंप का रूसी तेल नहीं खरीदने का दावा, मोदी ने कहा -शुक्रिया

February 3, 2026 11:41 AM
donald trump

लेंस इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका ने भारत के ऊपर लगाए जाने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ में कटौती कर दी है। इस फैसले का ऐलान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया है। अब भारत पर 25 फीसदी की जगह 18 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया जाएगा।

ट्रंप के इस पोस्ट का जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दिया है। मोदी ने लिखा, ‘ट्रंप से बेहतरीन बातचीत हुई है। भारत में बने सामान पर टैरिफ घटाने से खुशी है। दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र साथ काम कर रहे हैं। 1.4 अरब लोगों को ट्रंप को शुक्रिया।’

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बातचीत हुई, जिसमें व्यापार, वैश्विक राजनीति और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना ‘घनिष्ठ मित्र, शक्तिशाली और सम्मानित नेता’ बताया।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीद बंद करने, और अमेरिका से ज्यादा मात्रा में तेल और अन्य उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है। हालांकि प्रधानमंत्री मोदी के पोस्ट में रूस तेल खरीद बंद करने का जिक्र नहीं है।

मोदी ने लिखा, ‘आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत कर बहुत खुशी हुई। यह जानकर प्रसन्नता है कि अब ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का हार्दिक धन्यवाद।’

मोदी ने लिखा, ‘जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इसका लाभ हमारे लोगों को मिलता है और आपसी हितों वाले सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं।’

मोदी आगे लिखते हैं, ‘वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। शांति के लिए उनके प्रयासों का भारत पूरा समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं।’

ट्रंप के मुताबिक, इससे रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं।

ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सहमति बनी है। इसके तहत अमेरिका भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% करेगा।

भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर्स को शून्य (ZERO) करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

ट्रंप की पोस्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘BUY AMERICAN’ नीति के तहत 500 अरब डॉलर से ज्यादा की अमेरिकी वस्तुएं खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है।

इनमें ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य कई सेक्टर शामिल बताए गए हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ अमेरिका का रिश्ता आने वाले समय में और मजबूत होगा। उन्होंने लिखा कि ‘प्रधानमंत्री मोदी और मैं ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं।’

फिलहाल, भारत सरकार की ओर से इस दावे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, ट्रंप के इस पोस्ट के बाद भारत-अमेरिका व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ें : अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर 13 साल की लड़की ने लगाया रेप का आरोप, एपस्टीन फाइल का नया जखीरा रिलीज

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now