नेशनल ब्यूरो,नई दिल्ली। मुजफ्फरनगर में मां-बेटी से छेड़छाड़ के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री के बेटे समेत दो युवकों की गिरफ्तारी और उसके बाद तत्काल जमानत यह घटना शहर में चर्चा का विषय बन गई है। जानकारी के अनुसार देर रात मां-बेटी रेलवे रोड पर टहलने के लिए निकली थीं इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनसे छेड़छाड़ करने लगे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। जिसका उन्होंने वीडियो भी बना लिया। पीड़िता द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पूरा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का हैजहां एक युवती अपनी मां के साथ टहल रही थी। आरोप है कि उसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और मां-बेटी के साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ करने लगे। पीड़िता और उसकी मां ने विरोध किया तो आरोपियों ने बदसलूकी की. इस दौरान युवती ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
भाजपा के पूर्व सहकारिता मंत्री का बेटा
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत जांच शुरू कर दी। युवती के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन रघुवंशी और उसके दोस्त शौर्य गुप्ता के रूप में हुई है बताया जा रहा है कि आर्यन भाजपा के पूर्व सहकारिता मंत्री सुधीर कुमार बालियान का बेटा है।
छेड़छाड़ और परिवार से अभद्रता
सीओ सिटी राज कुमार साव ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दर्ज धाराओं में सात साल से कम सजा का प्रावधान है। इसलिए दोनों को सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें जमानत मिल गई. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने न सिर्फ छेड़छाड़ की बल्कि विरोध करने पर धमकी भी दी। युवती ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि देर रात एक आरोपी फिर उनके घर पहुंचा और परिवार के सदस्यों से अभद्रता की।
राजनीतिक गलियारों में भी हलचल
उधर घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है।पूर्व मंत्री सुधीर कुमार बालियान 1991 और 1993 में खतौली विधानसभा सीट से विधायक रह चुके है।वह भाजपा-बसपा गठबंधन वाली कल्याण सिंह सरकार में मंत्री भी रहे थे।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।










