अहमदाबाद विमान हादसे में तुर्की ने दी सफाई, नहीं किया है कंपनी ने एयर इंडिया ड्रीमलाइनर का मेंटेनेंस

June 16, 2025 1:56 PM
TURKISH TECHNIC

अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे के बाद तुर्की ( TURKISH TECHNIC ) की ओर से एक अहम बयान सामने आया है। इस हादसे में एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर विमान क्रैश हुआ जिसमें 275 लोगों की जान चली गई। अब तुर्की ने इस विमान की मेंटेनेंस से जुड़े सवालों पर अपनी स्थिति साफ की है। तुर्की की संचार निदेशालय ने इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट किया कि एयर इंडिया और तुर्की टेक्नीक के बीच 2024 और 2025 के लिए हुए समझौते केवल बोइंग 777 विमानों के रखरखाव के लिए थे। दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर इस समझौते का हिस्सा नहीं था। तुर्की ने कहा ‘तुर्की टेक्निक ने आज तक एयर इंडिया के किसी भी बोइंग 787-8 विमान का रखरखाव नहीं किया है।’

फिलहाल अहमदाबाद विमान हादसे की जांच तेजी से चल रही है। विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर विमान क्रैश का कारण क्या था। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है लेकिन अभी कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला है। तुर्की की कंपनी ने कहा कि वे जांच के लिए सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी साझा करने को तैयार हैं। इसके अलावा कल रात ब्लैक बॉक्स भी रिकवर किया गया है जिससे हादसों के जांच का पता लगाने की कोशिश की जायेगी।

गुजरात सरकार और प्रशासन हादसे के बाद राहत कार्यों में जुटा है। शवों को उनके गृहनगर पहुंचाने के लिए 192 एम्बुलेंस और 230 टीमें काम कर रही हैं। विदेशी नागरिकों के परिजनों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। 170 ताबूत तैयार किए जा रहे हैं जिनमें से 100 अहमदाबाद पहुंच चुके हैं। यह हादसा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। तुर्की की कंपनी का बयान जांच की दिशा को और साफ कर सकता है। सभी की नजरें अब जांच की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं जो इस हादसे के कारणों का खुलासा करेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now