रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीयर से जुड़े एक विज्ञापन वीडियो को लेकर विवाद तेज हो गया है। BJP के वरिष्ठ नेता छगन लाल मुंदड़ा (Chhagan Mundra) ने इस विज्ञापन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे प्रदेश की छवि के खिलाफ बताया है।
मुंदड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध संस्कृति, शांति, मेहनतकश लोगों और औद्योगिक पहचान के लिए जाना जाता है, लेकिन उसे शराब के ब्रांड से जोड़ना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में यह संदेश दिया गया कि अब लोग छत्तीसगढ़ को भिलाई स्टील प्लांट के बजाय Simba बीयर के नाम से जानेंगे, जो प्रदेशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
उन्होंने मांग की कि इस विज्ञापन पर तत्काल रोक लगाई जाए और कंपनी प्रबंधन प्रदेश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो मामला उच्च स्तर तक ले जाकर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इधर, कंपनी की ओर से मैनेजर विकास तिवारी ने पत्र जारी कर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने वीडियो केवल ब्रांड को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार मिलने पर बधाई देने और छत्तीसगढ़ के एक स्थानीय ब्रांड को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साझा किया था। उनका किसी भी तरह से शराब या उसके सेवन को बढ़ावा देने का कोई इरादा नहीं था।
उन्होंने यह भी माना कि ब्रांड की तुलना भिलाई स्टील प्लांट से करना उचित नहीं था। समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने वीडियो हटा देने की जानकारी दी और कहा कि सामाजिक सद्भाव तथा जनहित को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
इस विवाद के बाद प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
यह भी पढ़ें: विशेष सत्र पर बोले पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, विधानसभा में पारित कोई भी निंदा प्रस्ताव सिर्फ प्रतीकात्मक











