थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद पर ट्रंप की मध्यस्थता के बाद युद्धविराम, ट्रम्प ने कहा – भारत पाकिस्तान संघर्ष की दिलाई याद

THAILAND CAMBODIA WAR

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे हिंसक सीमा विवाद को रोकने के लिए एक बार फिर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता काम आई है। ट्रंप ने दोनों देशों के नेताओं से फोन पर बात की और युद्धविराम के लिए दबाव बनाया। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर दोनों देशों ने जंग नहीं रोकी तो अमेरिका उनके साथ व्यापारिक समझौते नहीं करेगा। इसके कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने ऐलान किया कि थाईलैंड और कंबोडिया के नेता युद्धविराम के लिए तैयार हो गए हैं और जल्द ही इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे। THAILAND CAMBODIA WAR

प्रेह विहेयर मंदिर को लेकर दोनों देशों में पुराना विवाद

यह विवाद थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे प्रेह विहेयर मंदिर को लेकर है। यह प्राचीन हिंदू मंदिर, जो भगवान शिव को समर्पित है, कंबोडिया की सीमा पर स्थित है, लेकिन थाईलैंड भी इस पर दावा करता है। 1962 में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने मंदिर को कंबोडिया का हिस्सा माना पर इसके आसपास का 4.6 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र अभी भी विवादित है। 2008 में यूनेस्को द्वारा मंदिर को विश्व धरोहर स्थल घोषित करने के बाद तनाव और बढ़ गया जिसके कारण दोनों देशों की सेनाओं के बीच कई बार गोलीबारी हुई।

कंबोडियाई सैनिक की मौत के बाद शुरू विवाद

हालिया संघर्ष इस साल मई में एक कंबोडियाई सैनिक की मौत के बाद शुरू हुआ और शनिवार को यह हिंसक हो गया। इस जंग में अब तक 30 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं जिनमें थाईलैंड के 20 और कंबोडिया के 10 लोग शामिल हैं। इसमें सैनिकों के साथ-साथ आम नागरिक भी जान गंवा चुके हैं। करीब 1.3 लाख लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हुए हैं। ट्रंप ने स्कॉटलैंड में गोल्फ खेलने के दौरान दोनों देशों के नेताओं से बात की और शांति की अपील की।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया में किया पोस्ट

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा “मैंने कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फूमथम वेचायाचाई से बात की। दोनों देश शांति चाहते हैं और युद्धविराम के लिए तैयार हैं।” युद्धविराम का मतलब है दोनों पक्षों द्वारा गोलीबारी रोकना और शांति स्थापित करने की दिशा में कदम उठाना। इसके नियमों के तहत हथियारों का इस्तेमाल बंद करना, घायलों को इलाज देना और सैन्य निर्माण रोकना शामिल है। हालांकि, दोनों देशों ने बातचीत की सहमति जताई है लेकिन रविवार को भी कुछ इलाकों में गोलीबारी की खबरें आई हैं जिससे स्थिति अभी तनावपूर्ण बनी हुई है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now