T20 World Cup 2026 : सूर्या की धमाकेदार कप्तानी पारी, भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराया

खेल डेस्क। गत चैंपियन भारतीय टीम ने T20 World Cup 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। अमेरिका ने मुकाबले में भारत को कड़ी टक्कर दी, लेकिन सूर्यकुमार यादव की बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर भारत ने यह मैच 29 रन से अपने नाम कर लिया।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े, लेकिन पावरप्ले के अंतिम ओवर में भारत ने तीन अहम विकेट गंवा दिए। शैडली वैन शाल्कविक ने ईशान किशन (20) और शिवम दुबे को आउट करने के बाद तिलक वर्मा (25) को भी पवेलियन भेजा।

एक समय भारतीय टीम 150 रन तक भी पहुंचती नहीं दिख रही थी, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। अंतिम ओवर में सौरभ नेत्रावल्कर के खिलाफ 21 रन बटोरते हुए सूर्या ने भारत का स्कोर 9 विकेट पर 161 रन तक पहुंचाया। अमेरिका की ओर से शैडली वैन शाल्कविक ने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि हरमीत सिंह को 2 सफलता मिली।

162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम को भारत ने शुरुआती झटके दे दिए। मोहम्मद सिराज ने दूसरे ओवर में एंड्रीयन गॉस को आउट किया, जबकि अर्शदीप सिंह और सिराज ने अगले ओवरों में कप्तान मोनांक पटेल समेत दो और विकेट गिरा दिए। महज 13 रन पर अमेरिका के तीन विकेट गिर चुके थे।

इसके बाद मिलिंद कुमार और संजय कृष्णामूर्ति ने चौथे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी कर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने रन गति पर लगाम लगाए रखी। वरुण चक्रवर्ती ने मिलिंद कुमार (34) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। संजय कृष्णामूर्ति 37 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। अक्षर ने अगली ही गेंद पर हरमीत सिंह को आउट कर अमेरिका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

इंजरी से जूझ रहे शुभम रंजने ने 22 गेंदों में 37 रन की तेज पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पारी की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने उन्हें आउट कर अमेरिका की पारी 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन पर समेट दी।

भारत की ओर से मोहम्मद सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट मिले।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories