पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निज सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या में तीन संदिग्ध गिरफ्तार

Suvendu Adhikari PA Murder : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के व्यक्तिगत सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक शार्प शूटर भी शामिल बताया जा रहा है। बंगाल CID की टीम ने रविवार रात बिहार के बक्सर जिले से मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य तथा उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से राज सिंह को हिरासत में लिया। सोमवार सुबह तीनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर बंगाल ले जाया गया।

6 मई को हुई थी हत्या

चंद्रनाथ रथ (42 वर्ष) की हत्या विधानसभा चुनाव नतीजों के दो दिन बाद 6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई। हमलावरों ने उनकी कार को रोका और कई राउंड फायरिंग की। चंद्रनाथ को सीने और पेट में तीन गोलियां लगी थीं।पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्या पहले से प्लान करके की गई थी। इसमें प्रोफेशनल शूटर (सुपारी किलर) शामिल हो सकते हैं।

जब्त किए गए वाहन

हमलावरों ने रथ की स्कॉर्पियो का पीछा करने के लिए एक कार का इस्तेमाल किया, जिसकी नंबर प्लेट फर्जी थी। कार का चेसिस और इंजन नंबर मिटा दिए गए थे। हमले में दो बाइकें भी शामिल थीं। एक बाइक घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर चाय की दुकान के पास मिली, जिस पर भी फर्जी रजिस्ट्रेशन था। दूसरी बाइक अब तक नहीं मिल सकी है।

चंद्रनाथ रथ कौन थे?

चंद्रनाथ रथ भारतीय वायुसेना में अधिकारी रह चुके थे। वीआरएस लेकर कुछ समय निजी क्षेत्र में काम किया। बाद में वे राजनीति में आए और सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी बन गए। सुवेंदु अधिकारी जब तृणमूल कांग्रेस में थे, तब से चंद्रनाथ उनके साथ काम कर रहे थे। 2019 में वे सुवेंदु की आधिकारिक टीम का हिस्सा बने। उन्होंने भवानीपुर विधानसभा सीट पर सुवेंदु के चुनाव अभियान की जिम्मेदारी भी संभाली थी, जहां सुवेंदु ने ममता बनर्जी को हराया था।

चंद्रनाथ शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और लो-प्रोफाइल रहते थे। उन्होंने रहारा रामकृष्ण मिशन से शिक्षा प्राप्त की थी। उनकी मां हाशी रथ भी पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी रहीं और 2020 में सुवेंदु अधिकारी के साथ भाजपा में शामिल हुई थीं।

पुलिस जांच जारी

CID इस मामले की गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या मकसद था और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories