लेंस डेस्क। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह (Heat warning) दी गई है। जारी चेतावनी के अनुसार 19 अप्रैल से 31 मई के बीच सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुले स्थानों पर बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस अवधि में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से लेकर 50 डिग्री या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और अधिक समय तक धूप में रहने से बचें। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है।
यदि किसी व्यक्ति को तेज गर्मी के कारण सांस लेने में तकलीफ, चक्कर, कमजोरी या अचानक अस्वस्थता महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है। लोगों को यह भी सलाह दी गई है कि घरों में हवा के आवागमन के लिए खिड़की और दरवाजे खुले रखें, ताकि गर्मी का असर कम किया जा सके। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहना जरूरी है।










