राजधानी में मतदान के बीच दिनदहाड़े 60 लाख की डकैती, बंधक बनाकर वारदात को दिया अंजाम, ‘लाल सलाम’ कहकर घुसे घर में

March 6, 2025 3:33 PM

रायपुर। राजधानी रायपुर में मतदान के दौरान एक बड़ी डकैती की घटना सामने आई है। शहर के बीचों-बीच चार अपराधी मिलिट्री की ड्रेस पहनकर एक घर में घुसे और परिवार को बंधक बनाकर 60 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने खुद को ‘लाल सलाम गैंग’ का सदस्य बताया। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शहर के पॉश कॉलोनी माने जाने वाले अनुपम नगर में यह घटना हुई है। खम्हारडीह थाने में डकैती की रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें बदमाश मिलिट्री की वर्दी में घर में घुसते नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार वनोहरण वेणु के मकान में डकैती हुई है। उन्होंने हाल ही में अपनी जमीन बेची थी और 60 लाख रुपये घर में रखे थे। मंगलवार को डकैतों ने मिलिट्री ड्रेस में घर में घुसकर पिस्टल तान दी और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इसके बाद घर में रखी नकदी लेकर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी (क्राइम) संदीप मित्तल ने बताया कि डकैती की सूचना मिलते ही टीम जांच में जुट गई है। डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया है और शहर के बॉर्डर पर नाकेबंदी कर दी गई है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने शंका जाहिर की है कि वारदात को अंजाम देने वाले पीड़ित के परिचित हैं। यही वजह है कि उन्हें घर में इतनी बड़ी रकम होने का पता था। दिनदहाड़े हुई इस डकैती से स्थानीय लोग डरे हुए हैं। पुलिस प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि क्या अपराधियों का कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है या यह सिर्फ सुनियोजित लूट की घटना थी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now