रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों (Road Accident) में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों ही मामलों में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
रायपुर जिले के आरंग इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पारागांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में हर्ष कुमार देवांगन (21), राहुल देवांगन (20) और थानू सतनामी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मिथलेश धीवर (23) गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
आरंग पुलिस के मुताबिक, टाटा विस्टा CG 04 HD 2156 में सवार चारों युवक महासमुंद अपने एक रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे। शुक्रवार रात वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
बिलासपुर के रतनपुर इलाके में शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक रेलकर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
भरवीडीह निवासी मनहरण कमल (61), जो रेलवे में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे और कोटा रेलवे स्टेशन में पदस्थ थे, ड्यूटी पर जा रहे थे। जूना शहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक CG 10 BV 9022 में सवार शिव धनुहार (35) और कृष्णा धनुहार बारात में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर के बाद सभी सड़क पर दूर जा गिरे। मनहरण कमल और शिव धनुहार की सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। कृष्णा धनुहार को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रदेश में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें : AAP का बड़ा आरोप- गरीब परिवार के बच्चों को शिक्षित नहीं करना चाहती भाजपा सरकार










