रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने IPL ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क (Online Betting) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र तक दबिश दी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने 72 घंटे तक चले विशेष ऑपरेशन में 5 बड़े पैनल नेटवर्क ध्वस्त करते हुए कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख 92 हजार 70 रुपए नकद, 59 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 74 ATM कार्ड और एक चारपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है।
डीसीपी क्राइब स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में हुई इस कार्रवाई में थाना तेलीबांधा, न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा और तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस के मुताबिक आरोपी LOTUS365, Lion4.com, Goldenexch, Naseeb Book, Grandexch, Powerexch, BETONLY99 समेत कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और पैनलों के जरिए IPL क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
रायपुर पुलिस ने बताया कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक ऑनलाइन सट्टे के 18 मामलों में कार्रवाई करते हुए 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति और सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार IPL सीजन के दौरान अब तक 13 बड़े ऑनलाइन सट्टा पैनल नेटवर्क ध्वस्त किए जा चुके हैं।
थाना तेलीबांधा में दर्ज मामले में पहले नमन जग्गी, आयूप जैन और अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में पता चला कि सट्टा पैनल कोलकाता से संचालित हो रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने कोलकाता में दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यहां से 35 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और 8 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। मामले का मुख्य आरोपी रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी अमन नत्थानी बताया गया है, जो रायपुर और अन्य पार्टनरों के साथ मिलकर नेटवर्क चला रहा था।
न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के मामले में पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने हरियाणा के गुरुग्राम में दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहां से 14 मोबाइल और 2 लैपटॉप जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन आईडी बांटकर और पेमेंट गेटवे के जरिए करोड़ों रुपए का सट्टा कारोबार चला रहे थे।
तिल्दा नेवरा में NASEEB91 Book पैनल संचालित करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इनके पास से करीब 9 लाख 92 हजार रुपए नकद बरामद किए गए।
वहीं मौदहापारा क्षेत्र में अमित जंघेल गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी श्रीनगर और गोवा से ऑनलाइन पैनल ऑपरेट कर रहे थे।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव कुमार शुक्ला के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही सट्टा नेटवर्क से जुड़ी संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई भी करेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा युवाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर रहा है, इसलिए ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।







