रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 50 लाख रुपये लेकर फरार हुए ड्राइवर को रायपुर पुलिस (Raipur Police) ने गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज चोरी की वारदात में बीरगांव नगर निगम की कांग्रेसी पार्षद के पति ओम प्रकाश साहू का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने उसे समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक गीतांजलि नगर निवासी कारोबारी उमेश प्रसाद ने 25 अप्रैल को अपने अकाउंटेंट और ड्राइवर कृष्णा साहू को 50 लाख रुपये नकद देकर कार से घर पहुंचाने भेजा था। रास्ते में खम्हारडीह थाने के पास ड्राइवर ने अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन को गुटखा लेने भेजा। जैसे ही अकाउंटेंट कार से उतरा, आरोपी ड्राइवर नकदी और गाड़ी लेकर फरार हो गया।
डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस और एसीसीयू की टीम ने जांच शुरू की। करीब 80 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और तकनीकी जांच के साथ मुखबिरों की मदद ली गई। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी कृष्णा साहू को दबोचा।
डीसीपी गुर्जर ने बताया कि साजिश करके वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपी कृष्णा साहू ने अपने परिवार और साथियों के साथ मिलकर पैसे बांट लिए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा साहू, कन्हैया राणा, सविता साहू, भुनेश्वर साहू, ओम प्रकाश साहू, विष्णु प्रसाद पटेल और टीकम पटेल शामिल हैं। ये आरोपी रायपुर, धमतरी, महासमुंद और दुर्ग के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद, एमजी विंडसर कार और घटना में इस्तेमाल की गई वर्ना कार जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।










