भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़े लोग, कहा- पाकिस्तान से बदला पूरा

May 14, 2025 10:01 PM
Tiranga Yatra

रायपुर। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भाजपा ने बुधवार को तिरंगा यात्रा (tiranga yatra) का आयोजन किया। भाजपा की तिरंगा यात्रा सर्व समाज मंच के बैनर तले हुआ, जिसमें प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। सर्व समाज मंच ने राजधानी के तेलीबांधा तालाब से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जो नगर घड़ी चौक तक आई। इस यात्रा में मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय, उप मुख्‍यमंत्री अरुण साव, केन्‍द्रीय मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और प्रदेश सरकार के मंत्री-विधायक शामिल हुए।

यात्रा के बाद हुई सभा में मुख्यमंत्री ने कहा है कि आतंकवाद के विरुद्ध छेड़े गए निर्णायक संघर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया है। जिस तरह से शत्रु के सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को हमारी सेना ने चोट पहुंचाई और जिस तरह से आतंकवादियों के ठिकानों पर चुन-चुनकर सेना ने प्रहार किया, उस पराक्रम से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस निर्णायक लड़ाई में भारत की कूटनीति का लोहा भी दुनिया ने माना है। पहलगाम घटना के बाद पूरी दुनिया ने पाकिस्तान के कुकृत्य की निंदा की और भारत का साथ दिया। हमारी शानदार कूटनीति के चलते पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ गया। हमारे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दुनियाभर के राजनीतिज्ञों से चर्चा की। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जिस तरह से आक्रमण की रणनीति बनाई, उससे शत्रु हक्का बक्का रह गया। इससे पाकिस्तान की सैन्य और कूटनीतिक रणनीति की पोल भी दुनिया के सामने खुल गई और इससे उनके मिलिट्री पावर के झूठे दावों की पोल भी खुल गई।

पाकिस्तान ने अपने कर्मों का फल भोगा : किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा सभी देशों ने माना है कि निर्णय लेने की क्षमता किस प्रकार होती है भारत से सीखना चाहिए। पहलगाम में जिस तरीके से पाकिस्तान से आकर कुछ आतंकवादियों ने एक बहुत ही कायराना हरकत की, हमारे देश की विभिन्न प्रांतो से पहुंचे निर्दोष पर्यटकों को धर्म पूछकर मारा, उसका परिणाम पाकिस्तान को भोगना पड़ा। प्रधानमंत्री ने एक साहसिक निर्णय लिया। रक्षा मंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और विदेश मंत्री ने मिलकर यह निर्णय लिया कि अब समय आ गया है कि आतंकवादी संगठनों पर और इनको ठिकानों पर घुसकर प्रहार किया जाए। हमारी 26 बहनों के साथ माथे का सिंदूर पोंछने का दुस्साहस आतंकवादियों ने किया था। पाकिस्तान के अंदर घुसकर उन आतंकवादी ठिकानों को तबाह करने का काम किया है। इसके लिए हम सब देश की तीनों सेनाओं का बहुत-बहुत अभिनंदन करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now