खेल डेस्क। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर ग्रहण लग गया है। पाकिस्तान सरकार ने रविवार शाम आधिकारिक तौर पर भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का ऐलान कर दिया है। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में श्रीलंका के कोलंबो में आमने-सामने होने वाली थीं।
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यदि टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में भारत से मुकाबला बनता है, तो पाकिस्तान उस मैच में हिस्सा लेगा या नहीं।
पाकिस्तान सरकार का यह फैसला ICC के 24 जनवरी को बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने के फैसले के बाद आया है। ICC ने यह बदलाव बांग्लादेश सरकार द्वारा भारत में खेलने को लेकर जताई गई सुरक्षा चिंताओं के बाद किया था। इसी फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति देती है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।’
सरकार ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान टूर्नामेंट में खेलेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करेगा।
ICC ने रात करीब 11 बजे जारी मीडिया रिलीज में कहा कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहा है।
ICC ने कहा, ‘हम सरकारों के फैसलों का सम्मान करते हैं, लेकिन पाकिस्तान का यह निर्णय वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम को प्रभावित कर सकता है। हम उम्मीद करते हैं कि PCB सभी स्टेकहोल्डर्स को ध्यान में रखते हुए अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा।’
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इस बैठक में पाकिस्तान की वर्ल्ड कप भागीदारी और भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर चर्चा हुई थी।
नकवी ने तब कहा था कि अंतिम फैसला शुक्रवार या सोमवार तक लिया जाएगा। आखिरकार रविवार को सरकार ने भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट का निर्णय सुना दिया।
BCCI सूत्रों के अनुसार, भारतीय टीम अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका दौरे पर जाएगी। टीम 15 फरवरी को श्रीलंका पहुंचेगी और ICC के सभी प्रोटोकॉल का पालन करेगी। मैच को लेकर अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी द्वारा लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, पाकिस्तान को 58 रन से हराया











