पाकिस्तान की अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक, 400 से अधिक मौतें, अस्पताल को बनाया निशाना

March 17, 2026 4:01 PM

Pakistan Airstrike: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव ने एक नया और भयावह मोड़ ले लिया है। सोमवार रात पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के कई इलाकों पर हमला किया, जिसमें एक प्रमुख नशा मुक्ति अस्पताल को भी निशाना बनाया गया। तालिबान सरकार के अनुसार इस हमले में कम से कम 400 लोगों की मौत हो गई है और 250 से अधिक घायल हुए हैं। रॉयटर्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे हुआ।

काबुल के दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में जोरदार धमाके और गोलीबारी की आवाजें गूंजीं। अस्पताल के कुछ हिस्सों में आग लगी हुई थी और मलबे से 30 से अधिक शव स्ट्रेचर पर बाहर निकाले जा रहे थे। अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि वहां हजारों मरीज इलाजरत थे, इसलिए हताहतों की संख्या और बढ़ सकती है। यह अस्पताल 2000 बेड वाला बताया जा रहा है।

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने हमले की कड़ी निंदा की और इसे ‘मानवता के खिलाफ अपराध” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना ने जानबूझकर नशा मुक्ति केंद्र पर बम गिराए, जो रमजान के पवित्र महीने में और भी अमानवीय है। अफगानिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान पर एयरस्पेस का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया है।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने कहा कि कोई भी अस्पताल या नागरिक सुविधा को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान का दावा है कि ये हमले आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई थी, खासकर पाकिस्तानी तालिबान (TTP) जैसे संगठनों के ठिकानों पर, जो अफगानिस्तान से सीमा पार हमले कर रहे हैं।

यह हमला पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर जारी संघर्ष का हिस्सा है, जो फरवरी 2026 के अंत से तेज हो गया है। पाकिस्तान ने TTP के ठिकानों पर कई एयरस्ट्राइक की हैं, जिसमें कंधार प्रांत में ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ के तहत कार्रवाई शामिल है। तालिबान ने जवाबी हमले किए हैं। संयुक्त राष्ट्र के अफगानिस्तान मिशन (UNAMA) के अनुसार फरवरी के अंत से मार्च की शुरुआत तक इन झड़पों में 56 नागरिक मारे गए, जिनमें 24 बच्चे शामिल हैं। करीब 1.15 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।

अफगान क्रिकेटर और कप्तान राशिद खान ने भी इस हमले की निंदा की है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि आम नागरिकों, घरों, स्कूलों और अस्पतालों पर हमला अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत युद्ध अपराध है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार संगठनों से स्वतंत्र जांच की मांग की है।

यह संघर्ष दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे TTP मुद्दे से जुड़ा है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान TTP को शरण दे रहा है, जबकि तालिबान इन आरोपों से इनकार करता है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now