ओडिशा में 9 साल बाद छात्रसंघ चुनाव की आहट, 14 या 15 अक्टूबर को हो सकता है मतदान

भुवनेश्वर। ओडिशा (Odisha) में करीब नौ साल से बंद छात्रसंघ चुनाव फिर शुरू होने की संभावना है। उच्च शिक्षा विभाग के स्तर पर चुनाव की तारीखों को लेकर मंथन चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक सरकार अगले दो दिनों में चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकती है। 14 या 15 अक्टूबर को मतदान कराए जाने की संभावना है। चुनाव प्रक्रिया 5 अक्टूबर से शुरू हो सकती है। हालांकि अंतिम फैसला सरकार की औपचारिक अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगा।

दशहरा छुट्टी से पहले या बाद में चुनाव पर मंथन

उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि चुनाव दशहरा अवकाश से पहले कराए जाएं या छुट्टी के बाद। एक ही दिन राज्यभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में मतदान कराने की तैयारी पर भी विचार किया जा रहा है। दशहरा अवकाश के बाद जल्द ही परीक्षाओं का दौर शुरू होना है। ऐसे में संस्थानों के पास चुनाव कराने के लिए सीमित समय बचा है। इसी वजह से चुनाव की तारीख को लेकर जल्द फैसला होने की संभावना जताई जा रही है।

कैंपस में ABVP, NSUI और छात्र BJD सक्रिय

चुनाव की संभावित तारीख सामने आने के साथ ही छात्र संगठनों ने भी कैंपस में गतिविधियां तेज कर दी हैं। ABVP, NSUI और छात्र BJD से जुड़े कार्यकर्ता छात्रों के बीच संपर्क और संगठनात्मक तैयारियों में जुट गए हैं। ABVP ने सरकार से जल्द चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग की है। वहीं छात्र कांग्रेस और बीजद से जुड़े नेताओं ने भी छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई है।

सरकार ने दिए थे चुनाव बहाली के संकेत

उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने हाल में कहा था कि सरकार छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर सकारात्मक है। हालांकि अभी तक चुनाव को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। करीब नौ साल से चुनाव नहीं होने के कारण इस बार कैंपस में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। अब छात्रों और विभिन्न संगठनों की नजर सरकार की औपचारिक घोषणा पर है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now