कांकेर में 13 दिन में मलेरिया से 5 मौतों पर मानवाधिकार आयोग सख्त, छत्तीसगढ़ सरकार से दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

रायपुर। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 13 दिनों के भीतर मलेरिया से पांच लोगों की मौत के मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है और दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

एनएचआरसी ने 31 जुलाई 2026 को जारी अपने आदेश में कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 28 जुलाई को एक 11 वर्षीय बालक की मौत के बाद सामने आया कि कांकेर जिले में 13 दिनों के भीतर मलेरिया से पांच लोगों की जान गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि बालक की पहले एक निजी लैब में जांच में मलेरिया की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे अलबेलापारा स्थित अस्पताल ले जाया गया। बाद में ब्लड रिपोर्ट में मलेरिया की पुष्टि हुई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

आयोग ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट में वर्णित तथ्य सही हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इसलिए राज्य सरकार से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

एनएचआरसी ने यह भी उल्लेख किया कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर मलेरिया स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान शुरू किया है।

अब आयोग की नजर राज्य सरकार की रिपोर्ट पर रहेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद एनएचआरसी यह तय करेगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाए।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now