नालंदा में शीतला मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल, 6-6 लाख रूपये के मुआवजे का ऐलान

March 31, 2026 12:18 PM

Nalanda Stampade: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार को शीतला मंदिर में पूजा करने पहुंची भीड़ में भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मघड़ा गांव के मां शीतला मंदिर की है। मंगलवार को हर सप्ताह की तरह बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए इकट्ठा हुए थे। भीड़ अत्यधिक बढ़ जाने के कारण अचानक भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी के माहौल में कई लोग भीड़ में दब गए जिससे यह दुखद हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस, एसडीएम बिहारशरीफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और गांव वालों ने मिलकर बचाव कार्य में तेजी दिखाई। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर में इस बार असामान्य रूप से ज्यादा भीड़ थी और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल नहीं था जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में लगी दुकानों को बंद करा दिया गया है और इलाके में तनावपूर्ण माहौल है।

बिहार सरकार ने इस हादसे को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने और परिस्थितियों को जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पटना के कमिश्नर को तुरंत बिहार शरीफ भेजा गया है ताकि स्थिति पर नजर रखी जा सके और जरूरी मदद सुनिश्चित की जा सके। सीएम नीतीश कुमार ने इस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए 6-6 लाख रूपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मंगलवार को नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाली हैं। वे 2000 सीटों वाले अत्याधुनिक सभागार ‘विश्वमित्रालय’ का उद्घाटन भी करेंगी। राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह व्यस्त थी। इसी बीच मंदिर में पूजा के लिए जमा हुई भीड़ में यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now