रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को आयोजित GATE (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) परीक्षा के दौरान नकल कराने आए हरियाणा के एक गिरोह का रायपुर पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने सरोना इलाके में स्थित परीक्षा केंद्र के पास निगरानी कर आरोपियों को परीक्षा शुरू होने से पहले ही दबोच लिया।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में हरियाणा के गिरोह के पकड़े जाने के बाद पुलिस की सतर्कता और बढ़ गई है, क्योंकि कुछ ही दिनों में राज्य में पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा भी प्रस्तावित है।
डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने बताया कि हरियाणा के बहादुरगढ़ के दर्शन सहवाग (26 वर्ष), सुमित सहवाग (30 वर्ष), फतेहाबाद के लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की (36 वर्ष), अमर (32 वर्ष), बंटी कुमार (38 वर्ष) और हिसार के नरेंद्र कुमार (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
डीसीपी ने आशंका जताई है कि गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, इसलिए फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला ने बताया कि GATE परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराने की सूचना मिली है। सूचना के आधार पर वेस्ट जोन और क्राइम की संयुक्त टीम ने परीक्षा केंद्र के आसपास निगरानी बढ़ाई।
सरोना स्थित आयन डिजिटल जोन के पास संदिग्ध युवकों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से अंदर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने वाले थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 माइक्रो ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकल संबंधी सामग्री जब्त की है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क मोटी रकम लेकर तैयार किया गया था। आरोपियों ने पूछताछ में परीक्षा केंद्र के अंदर मौजूद कुछ परीक्षार्थियों के नाम भी बताए, जिनके पास से ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें : राजधानी के रिंग रोड पर जाम से राहत के लिए NHAI सौ करोड़ में चौड़ी करेगा सर्विस लेन







