छत्तीसगढ़ में सभी 10 नगर निगम में जीती भाजपा, एजाज ढेबर पार्षद चुनाव हारे, मीनल चौबे डेढ़ लाख से ज्‍यादा वोटों से जीतीं

March 6, 2025 3:33 PM

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने जीत का परचम लहरा दिया है। रायपुर के 10 नगर निगम में कब्‍जा कर लिया है। इसके अलावा 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों में भी एकतरफा जीत दर्ज की है। 10 नगर निगमों में भाजपा अपना महापौर बनाने में कामयाब हो गई है। रायपुर में भाजपा प्रत्‍याशी मीनल चौबे ने कांग्रेस प्रत्‍याशी दीप्‍त‍ि दुबे को 153290 वोटों से हराया। इस तरह 15 साल बाद रायपुर में भाजपा को महापौर बना है। इसके अलावा 49 नगर पालिका में 35 में बीजेपी, 8 में कांग्रेस, 1 में आप और 5 में निर्दलीय के अध्‍यक्ष बने हैं। इसी तरह 114 में 81 नगर पंचायत में बीजेपी, 22 में कांग्रेस, 1 में बसपा और 10 में निर्दलीय के अध्‍यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

सबसे हैरान करने वाला फैसला रायपुर का रहा। जहां पूर्व महापौर एजाज ढेबर पार्षद का चुनाव हार गए हैं। वहीं, उनकी पत्‍नी अर्जुमन ढेबर चुनाव जीत गईं। रायपुर में कांग्रेस के सिर्फ 6 पार्षद ही जीत सके हैं, जो कांग्रेस संगठन के लिए गंभीर बात है। लगभग ऐसा ही हाल प्रदेश के ज्‍यादा नगरीय निकायों का रहा है।

नगर निगम के अन्‍य 9 सीटों की बात करें तो दुर्ग में भाजपा की अलका बाघमार ने कांग्रेस की प्रेमलता पोषण साहू को हराया है। राजनांदगांव में मधुसूदन यादव एक बार फिर महापौर बनने में कामयाब हो गए हैं। उन्‍होंने नि‍खिल द्विवेदी को हराया। बिलासपुर में पूजा विधानी कांग्रेस के प्रमोद नायक को हराकर महापौर बनीं हैं। अंबिकापुर में मंजूषा भगत ने अजय तिर्की, चिरमिरी में रामनरेश राय ने पूर्व विधायक विनय जायसवाल को हराया। जगदलपुर में संजय पांडेय ने कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू, रायगढ़ में जीववर्धन चौहान ने जानकी काटजू, कोरबा में संजू देवी राजपूत ने उषा तिवारी को हराया। धमतरी में कांग्रेस प्रत्‍याशी का नामांकन निरस्‍त होने के बाद पहले ही भाजपा प्रत्‍याशी जगदीश रामू मेहरा ने जीत दर्ज कर ली थी।

सबसे चौकाने वाला रिजल्‍ट कुनकुरी नगर पंचायत का रहा है। मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय के विधानसभा वाली नगर पंचायत से कांग्रेस के विनयशील गुप्‍ता जीत गए। इसके अलावा पूर्व सीएम भूपेश बघेल के गढ़ पाटन और गृह जिले दुर्ग में बीजेपी ने अपना दबदबा बनाया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now