नई दिल्ली। मोदी समर्थक म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर मुत्थुकृष्णन दण्डपाणि का राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को लेकर किया एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में मुत्थुकृष्णन ने राहुल गांधी के इन्वेस्टमेंट को लेकर खुलासा भी किया। इस पोस्ट का राहुल ने जो जवाब दिया है वह भी अब वायरल है।
मुत्थुकृष्णन लिखते हैं, ‘मैं कोई निजी जानकारी साझा नहीं करूंगा। बस यह बताना चाहता हूं कि धारणा और हकीकत कितनी अलग होती है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता के समर्थन के लिए नहीं है। बस यह बताना चाहता हूं कि चीजें वैसी नहीं हैं जैसी दिखती हैं।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘2013 में, मेरे एक क्लाइंट जो पेशेवर रूप से राहुल गांधी के लिए काम कर रहे थे, निवेश संभालने के लिए मेरा नाम उनके सामने सुझाया था। 2013 से, जब UPA 2 सत्ता में थी, आज अब तक जब कांग्रेस के समर्थन से विजय ने शपथ ली, राहुल मेरे म्यूचुअल फंड निवेश के क्लाइंट बने हुए हैं।’
मुत्थुकृष्णन आगे लिखते हैं, ‘इस दौरान हमारे बीच कई मेल का आदान-प्रदान हुआ है और फोन पर भी कई बार बात हुई है। और जैसा कि आप जानते हैं, 2014 से 2024 तक मैं एक बड़ा मोदी समर्थक रहा हूं। राहुल या उनके ऑफिस के स्टाफ ने कभी इस विषय को मेरे सामने नहीं लाया। मुझे पता है कि मेरे ट्वीट उनके स्टाफ नियमित रूप से देखते थे। वे मेरी प्रोफेशनल सेवा और राजनीतिक मान्यताओं के बीच साफ फर्क करते रहे। मैं लगातार हैरान रहा।’
उन्होंने लिखा, ‘राहुल से मेरी हर बातचीत में, उन्होंने मुझे सम्मान से संबोधित किया है और कभी भी घमंड जैसा व्यवहार नहीं दिखाया। मेरे बायो समर्थन के बारे में जानने के बावजूद, कुछ साल पहले तक उन्होंने एक प्रोफेशनल चुनने के लिए मेरा इनपुट लिया था।,
इस पोस्ट के पीछे की वजह को लेकर मुत्थुकृष्णन ने लिखा, इस पोस्ट की वजह से राहुल हमारा प्रोफेशनल रिश्ता खत्म कर सकते हैं। ठीक है। हर चीज का एक दिन अंत होना ही है। यह पोस्ट इसलिए डालना चाहता था ताकि दिखा सकूँ कि मेनस्ट्रीम मीडिया और पार्टियों की IT सेल किसी को पूरी तरह ग़लत कैसे दिखा सकती हैं। मज़ाक़ कैसे बना देती है ।’
उन्होंने लिखा कि ‘मैं राहुल गांधी को एक राजनेता के रूप में नहीं जानता। पिछले 14 सालों की बातचीत के आधार पर बस इतना कह सकता हूं कि वे प्रोफेशनल्स का बहुत सम्मान करते हैं और बातचीत के लिए एक अच्छे इंसान हैं।’
जैसे ही ट्वीट राहुल गांधी ने पढ़ा उनका जवाब आया, ‘आपकी राजनीतिक विचारधारा आपकी है लेकिन मेरे इन्वेस्टमेंट को जल्दी से जल्दी आगे बढ़ाएं।’
यह भी पढ़ें: योगी 2.0 का दूसरा कैबिनेट विस्तार: 6 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, दो मंत्रियों का प्रमोशन









