बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन के पास धमाका, 24 की मौत, 100 से ज्यादा घायल

Balochistan

लेंस डेस्क। पाकिस्तान के Balochistan प्रांत में रविवार को हुए भीषण बम धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। Quetta के चमन फाटक रेलवे स्टेशन के पास सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में सेना के जवान भी शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन चमन फाटक इलाके से गुजर रही थी। इसी दौरान विस्फोटकों से लदी एक कार ट्रेन के डिब्बे से टकरा गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी करीब 10 गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और नजदीकी इमारतों के शीशे तक टूट गए।

पाकिस्तानी अखबारों की रिपोर्ट के अनुसार, धमाका रेलवे ट्रैक के बेहद करीब हुआ, जिससे ट्रेन को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि हमला सैन्य कर्मियों को निशाना बनाकर किया गया था।

घटना के बाद पूरे क्वेटा शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी है। अतिरिक्त डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को तत्काल ड्यूटी पर बुलाया गया है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

धमाके के बाद एहतियातन पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया गया। प्रांतीय गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की है ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। फिलहाल सुरक्षा बलों और जांच एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें: व्हाइट हाउस में ताबड़तोड़ फायरिंग, हमलावर की मौत एक नागरिक घायल

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now