बेंगलुरु में अवैध रॉक ब्लास्टिंग से मादा तेंदुए और तीन शावकों की मौत, जांच के आदेश

January 2, 2026 12:34 PM

Karnataka News: कर्नाटक के बेंगलुरु शहर के करीब बसवनतारा जंगल क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक गर्भवती मादा तेंदुए का शव मिला है। पोस्टमॉर्टम से पता चला कि उसके पेट में तीन अजन्मे बच्चे थे। इस तरह कुल चार तेंदुओं की जान गई है। यह घटना 27 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। कग्गलीपुरा रेंज के वन कर्मचारी रूटीन गश्त पर थे, जब उन्हें सर्वे नंबर 51 में तेंदुए का शव मिला। शुरुआती जांच में अनुमान लगाया गया कि पास की खदान में हुए बड़े रॉक ब्लास्टिंग के झटके से तेंदुए की मौत हुई। ब्लास्टिंग इतनी जोरदार थी कि उसका असर जंगल तक पहुंचा।

इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। यशवंतपुर के विधायक एस टी सोमशेखर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में लंबे समय से अवैध खनन और ब्लास्टिंग चल रही है, जिससे वन्यजीवों को खतरा है। वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने इस घटना पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने एक बयान में कहा कि विधायक के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पूरी जांच कराई जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि जंगल के अंदर या आसपास कोई अवैध खनन तो नहीं हो रहा। अगर कोई गड़बड़ी मिली, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

मंत्री ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक और मुख्य वन्यजीव वार्डन को निर्देश दिए हैं कि जांच जल्द पूरी करें और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।यह घटना वन्यजीव संरक्षण और अवैध खनन के मुद्दे को फिर से उजागर करती है। बेंगलुरु जैसे तेजी से बढ़ते शहर के आसपास जंगलों पर दबाव बढ़ रहा है जिससे जानवरों और इंसानों के बीच संघर्ष के मामले बढ़ सकते हैं।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now