भारतीय टेनिस के दिग्गज और पूर्व ओलंपिक पदक विजेता Leander Paes ने मंगलवार को दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी सुकांत मजूमदार की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पेस इससे पहले 2021 से तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े हुए थे। पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर होने वाले 2026 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनका भाजपा में शामिल होना पार्टी की रणनीतिक चाल माना जा रहा है। भाजपा को उम्मीद है कि पेस की लोकप्रियता युवाओं और खेल प्रेमियों को पार्टी से जोड़ने में मदद करेगी।
इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने पेस का स्वागत करते हुए कहा, ‘लिएंडर पेस का भाजपा परिवार में शामिल होना ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में खेल और खिलाड़ियों को अभूतपूर्व बढ़ावा दिया है।’ लिएंडर पेस ने इसे अपने जीवन का सबसे खास दिन बताया। उन्होंने कहा, ‘यह मेरे जीवन का बहुत बड़ा दिन है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह जी और नितिन नवीन जी का आभार व्यक्त करता हूं। मैंने 40 साल देश के लिए खेला है, अब समय आ गया है कि मैं युवाओं की सेवा करूं।’
पेस ने केंद्र सरकार की खेल योजनाओं ‘खेलो इंडिया’ और ‘टॉप्स’ की भी सराहना की। लिएंडर पेस ने पश्चिम बंगाल में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि राज्य में इंडोर टेनिस कोर्ट जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत जैसे युवा देश को अगले 20-25 साल में खेल शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। पेस का जन्म 17 जून 1973 को कोलकाता में हुआ था। उनके पिता वेस पेस 1972 म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुके थे।
लिएंडर पेस की उपलब्धियां
996 अटलांटा ओलंपिक में पुरुष एकल में कांस्य पदक (के.डी. जाधव के बाद दूसरे भारतीय)
8 ग्रैंड स्लैम खिताब पुरुष युगल में
10 ग्रैंड स्लैम खिताब मिक्स्ड डबल्स में
अर्जुन अवॉर्ड (1990), पद्म श्री (2001), पद्म भूषण (2014) और खेल रत्न से सम्मानित
भाजपा को उम्मीद है कि पेस चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे खुद चुनाव लड़ेंगे या नहीं। पेस के भाजपा में शामिल होने को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।










