Indore’s Mhow Contaminated water issue: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में दूषित पानी की समस्या अब महू तक पहुंच गई है। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से कई मौतों के बाद अब महू के पट्टी बाजार और चंदर मार्ग इलाके में दूषित पानी पीने से पीलिया जैसी बीमारियां फैल रही हैं। यहां पिछले 10-15 दिनों में करीब 25 लोग बीमार हो चुके हैं, जिनमें 6 बच्चे शामिल हैं। इन बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें महू के मध्य भारत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई दिनों से आ रही थी शिकायतें
स्थानीय लोगों ने बताया कि पट्टी बाजार क्षेत्र में कई दिनों से पानी में बदबू और गंदगी की शिकायतें मिल रही थीं। जब लोगों को लिवर में दर्द, पीलिया (जॉन्डिस) के लक्षण दिखने लगे तब मामला सामने आया। ज्यादातर बीमार लोगों को पीलिया हुआ है जिसकी वजह दूषित पेयजल सप्लाई बताई जा रही है। कुछ लोग घर पर ही दवाइयों से इलाज करा रहे हैं, जबकि गंभीर मरीज अस्पताल में हैं। बीमारी की खबर मिलते ही इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर भर्ती मरीजों से बात की और प्रभावित इलाके के निवासियों से मुलाकात की। लोगों ने उन्हें बताया कि दूषित पानी से कई परिवार प्रभावित हुए हैं।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को सभी मरीजों का समुचित इलाज करने के सख्त निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा, ‘सभी मरीजों का ठीक से इलाज हो रहा है। महू कैंट बोर्ड को पानी की तुरंत जांच करने और स्वच्छता बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। अब इलाके में सर्वे शुरू होगा। जिनमें भी लक्षण मिलेंगे, उन्हें घर पर या अस्पताल में जरूरी उपचार दिया जाएगा। फिलहाल कोई भी गंभीर स्थिति में नहीं है, कुछ मरीजों को जल्द डिस्चार्ज किया जा सकता है।’
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। मेडिकल टीम लोगों को दवाइयां बांट रही है और पानी उबालकर पीने की सलाह दे रही है। महू की विधायक उषा ठाकुर ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
यह घटना इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद आई है, जहां कई लोगों की जान गई थी। प्रशासन अब पूरे जिले में पानी की सप्लाई और गुणवत्ता पर सख्त नजर रख रहा है दूषित पानी से पीलिया, टाइफाइड, दस्त जैसी बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहना चाहिए।प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।








