नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
कुवैत से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां अलग-अलग घटनाओं में जान गंवाने वाले 20 भारतीयों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचाए गए। यह उड़ान सिर्फ इन शवों को उनके वतन लाने के लिए चलाई गई थी। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह लोग युद्ध के दौरान हुए हमले में मारे गए या और कोई वजह थी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण फ्लाइट सेवाएं प्रभावित थीं जिसकी वजह से इन पार्थिव शरीरों को भारत लाने में देरी हुई। मृतकों में अधिकतर लोग केरल और तमिलनाडु के रहने वाले थे।
इस वक्त जबकि केरल और तमिलनाडु समेत पांच राज्यों के चुनाव होने वाले हैं और उधर खाड़ी युद्ध में भारतीयों के मौत की भी खबर आ रही है। अचानक कुवैत से 20 भारतीयों के शव पहुंचे हैं। इतनी बड़ी संख्या के लाशों के आने की सूचना सार्वजनिक तौर पर किसी को नहीं थी।
एयरपोर्ट पहुंचते ही प्रशासन ने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर शवों को उनके पैतृक गांवों के लिए रवाना कर दिया, जहां परिजनों ने नम आंखों से उनका अंतिम स्वागत किया। एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि शवों को कुवैत एयरवेज की एक विशेष उड़ान से कुवैत से कोलंबो होते हुए कोच्चि लाया गया। उन्होंने बताया कि इस फ्लाइट में कोई यात्री सवार नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि शवों को लाए जाने के तुरंत बाद उनके संबंधित गृहनगरों में भेजने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतक केरल के विभिन्न हिस्सों से हैं जिनमें कोझिकोड, अलाप्पुझा और कोट्टायम शामिल हैं, जबकि कुछ पार्थिव शरीरों को तमिलनाडु के विभिन्न स्थानों पर ले जाया जाएगा।
हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण कुवैत में हुई सेवा व्यवधानों की वजह से पार्थिव शरीरों को स्वदेश लाए जाने में देरी हुई। अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।










