IND vs PAK T20 WC: T-20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप ए का रोमांचक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान के ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जबकि दोनों कप्तानों सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा ने टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया, जो पिछले साल एशिया कप में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में भारतीय टीम की नीति का हिस्सा है।
दरअसल, मामला शुरू हुआ तब जब पाकिस्तान की सरकार ने इस मैच को लेकर आपत्ति जताई और टीम को भारत के खिलाफ खेलने से रोकने का संकेत दिया। इस फैसले के पीछे राजनीतिक और कूटनीतिक कारण बताए गए। इसके बाद मामला सीधे आईसीसी के पास पहुंचा। आईसीसी ने साफ किया कि टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार निर्धारित मुकाबला खेलना अनिवार्य है। मैच का बहिष्कार करने पर अंक काटे जाने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। लगातार बातचीत के बाद Pakistan Cricket Board और आईसीसी के बीच सहमति बनी। अंततः पाकिस्तान टीम ने तय कार्यक्रम के अनुसार मैच खेलने का फैसला किया।
लेकिन असली चर्चा तब शुरू हुई जब मैच के दिन टॉस के दौरान एक असहज पल कैमरे में कैद हो गया। टॉस से पहले और बाद में भारत और पाकिस्तान के कप्तान आमतौर पर हाथ मिलाते हैं। लेकिन इस बार भी एशिया कप की तरह दोनों कप्तानों के बीच औपचारिकता तो हुई, पर हाथ मिलाने का दृश्य नहीं दिखा। हाथ मिलाने की शर्त भी उन तीन शर्तों में शामिल थीं, जो पाकिस्तान ने आईसीसी से रखी थी। इन तीन शर्तों में भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मैच, पाकिस्तान को वर्ल्ड बॉडी से ज्यादा रेवेन्यू और भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाड़ी से हाथ मिलाएंगे। हालांकि तीनों शर्तों को मानने से आईसीसी ने इंकार किया था, इसके बाद भी पाकिस्तान मैच खेलने के लिए तैयार हुआ।
भारत ने दो बदलाव किए हैं, अभिषेक शर्मा फॉर्म में नहीं चल रहे संजू सैमसन की जगह ओपनिंग कर रहे हैं और कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला है, जबकि पाकिस्तान ने पिछली प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया। मैच से पहले धुरंधर फिल्म के टाइटल ट्रैक पर रैपर हनुमानकाइंड ने हाई-एनर्जी परफॉर्मेंस दी, जो पाकिस्तान में फिल्म बैन होने के कारण चर्चा में रही, हालांकि उन्होंने विवाद से बचने के लिए उस ट्रैक को स्किप किया और अपना ब्रेकआउट हिट ‘बिग डॉग्स’ परफॉर्म किया। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी मैच देखने स्टेडियम पहुंचे हैं।











