इंदौर में साफ पानी के लिए शुभमन गिल ने होटल के कमरे में लगवाई 3 लाख की फिल्ट्रेशन मशीन

January 18, 2026 9:21 PM
Shubhman Gill

इंदौर। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिल ने इंदौर में अपने होटल के कमरे में करीब 3 लाख रुपये की वाटर फिल्ट्रेशन मशीन लगवाई है। यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब शहर भीषण जलजनित बीमारी के संकट से गुजर रहा है, जिसमें अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है।

शहर के स्थानीय मीडिया सूत्रों के अनुसार, शुभमन गिल ने अपनी सेहत को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाने का फैसला किया और निजी स्तर पर पानी की शुद्धता सुनिश्चित की।

आमतौर पर भारतीय क्रिकेट टीम को पांच सितारा होटलों में ठहराया जाता है और पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए गिल ने अतिरिक्त सतर्कता बरती।

दरअसल, दिसंबर 2025 के अंत और जनवरी 2026 की शुरुआत में इंदौर के भगीरथपुरा इलाके में पीने के पानी की सप्लाई में सीवेज मिल जाने से बड़ा स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया था। जांच में सामने आया कि नर्मदा जल आपूर्ति प्रणाली से आने वाली पाइपलाइन में लीकेज था, जो एक सार्वजनिक शौचालय या सीवर लाइन के बेहद करीब से गुजर रही थी। इसी वजह से मल, ई-कोलाई जैसे खतरनाक बैक्टीरिया और अन्य रोगजनक तत्व पीने के पानी में मिल गए।

प्रभावित इलाकों के लोगों ने पहले ही गंदे रंग और बदबूदार पानी की शिकायत की थी, लेकिन समय पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से हालात बिगड़ते चले गए। कुछ ही दिनों में उल्टी, दस्त और गंभीर डिहाइड्रेशन के मामलों में तेज़ी से इज़ाफा हुआ और अस्पतालों पर भारी दबाव पड़ गया। 1400 से अधिक लोग बीमार पड़े, जिनमें से सैकड़ों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

शुरुआत में प्रशासन ने मौतों की संख्या कम बताई, लेकिन बाद की जांच में यह स्वीकार किया गया कि जल दूषण से मरने वालों की संख्या कहीं अधिक है। इसके बाद आपात कदम उठाते हुए प्रभावित इलाकों में पानी की सप्लाई रोकी गई, बड़े पैमाने पर कीटाणुनाशक अभियान चलाया गया और टैंकरों से साफ पानी उपलब्ध कराया गया।

भगीरथपुरा जल संकट को हाल के वर्षों की सबसे बड़ी शहरी जल आपदाओं में से एक माना जा रहा है, जिसने जल आपूर्ति व्यवस्था, निगरानी तंत्र और प्रशासनिक प्रतिक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और तीसरा मुकाबला इंदौर में खेला जाना है। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल की यह अतिरिक्त सावधानी न सिर्फ चर्चा का विषय बन गई है, बल्कि शहर की जमीनी हकीकत को भी उजागर कर रही है।

यह भी पढ़ें : इंदौर पहुंचे राहुल गांधी, दूषित पानी से बीमार लोगों से की मुलाकात

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now