रायगढ़ ब्रेकिंग: बर्फ फैक्ट्री में गैस सिलेंडर फटने से हादसा, मालिक की मौत, तीन घायल

June 3, 2025 8:50 PM

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोतवाली क्षेत्र के गांजा चौक में स्थित एक बर्फ फैक्ट्री ( ICE FACTORY ) में गैस सिलेंडर फटने से फैक्ट्री मालिक संजय सहगल की मौत हो गई, जबकि तीन कर्मचारी घायल हो गए। घायलों में फैक्ट्री के स्टाफ अमन पटेल भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, संजय सहगल बर्फ बनाने के लिए गैस को सिलेंडर में एडजस्ट कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए। हादसे में संजय सहगल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं अमन पटेल और दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने संजय सहगल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बर्फ फैक्ट्री में पहले भी सुरक्षा नियमों की अनदेखी की शिकायतें सामने आ चुकी थीं। इस हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की जरूरत को उजागर किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी फैक्ट्री का निरिक्षण करने पहुंचे। उन्होंंने पूरी स्थिति और जगह का मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को जांच करने के निर्देश दिए हैं। सरकार की तरफ से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now