राजधानी में हाई लेवल सुरक्षा समीक्षा बैठक, अमित शाह बोले – 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त होगा

Security review meeting

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन रविवार को राजधानी रायपुर में नक्सल विरोधी अभियानों और विकास कार्यों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। दोपहर से शुरू हुई यह बैठक कुछ देर पहले समाप्त हुई, जिसमें बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 31 मार्च की तय डेडलाइन को लेकर अब तक की प्रगति की विस्तृत और तुलनात्मक समीक्षा की गई।

बैठक के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर कहा कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षा-केंद्रित रणनीति और विकास के संयुक्त प्रयासों से नक्सलवाद निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने लिखा कि सुरक्षा-सेंट्रिक स्ट्रैटेजी, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर कड़े प्रहार और प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा है।

अपने एक अन्य पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि जो छत्तीसगढ़ कभी नक्सली हिंसा का गढ़ था, वह भाजपा की डबल इंजन सरकार में विकास का पर्याय बन चुका है। उन्होंने उल्लेख किया कि राज्य के युवा अब खेल, फॉरेंसिक और तकनीकी शिक्षा की ओर बढ़ रहे हैं और साथ ही अपनी संस्कृति व परंपराओं को भी सहेज कर रख रहे हैं। गृह मंत्री ने बताया कि रायपुर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में बस्तर क्षेत्र में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशंस, हालिया खुफिया इनपुट, बलों की तैनाती और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही यह संकेत भी दिया गया कि सुरक्षा अभियानों के समानांतर अब विकास कार्यों की रफ्तार और तेज की जाएगी, ताकि नक्सल प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक पहुंच और मजबूत हो सके।

इस बैठक में यह साफ संकेत मिला कि आने वाले हफ्तों में बस्तर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में रणनीतिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केन्द्रीय गृह सचिव, IB के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव, CRPF, BSF, ITBP, NIA के महानिदेशक, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के डीजीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में नवा रायपुर में हुई LWE सुरक्षा समीक्षा बैठक नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक प्रगति का सशक्त संकेत है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की सटीक रणनीति, मजबूत आधारभूत ढांचा, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर प्रहार और आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।

यह भी पढ़ें : अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा क्यों बताया जा रहा है निर्णायक? नक्सली खात्मे की 31 मार्च की डेडलाइन, बस्तर पंडुम और दीपक बैज के फिर वही 9 सवाल

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories