गुरुग्राम में प्लास्टिक फैक्ट्री-गोदाम में भीषण आग, आसपास के इलाके में मची अफरा-तफरी

गुरुग्राम। रविवार सुबह हरियाणा के गुरुग्राम में बजघेड़ा क्षेत्र (सेक्टर 110) स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के दूसरे गोदामों और लकड़ी के स्टोर तक पहुंच गई। प्लास्टिक और स्क्रैप सामग्री होने के कारण आग बुझाना मुश्किल हो गया। आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।

फैक्ट्री कर्मचारियों ने सुबह करीब 5 बजे आग देखी और पहले खुद ही पानी व मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। जब आग नहीं बुझी तो उन्होंने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली करा लिया।

जारा रोसा, परीना हाई राइज समेत छह सोसाइटीज में धुएं का गुबार फैलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि प्लास्टिक की वजह से आग तेजी से फैली और बुझाने में काफी दिक्कत हुई। उन्होंने गर्मी के मौसम में फैक्टरियों और गोदामों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories