सरकार बैकफुट पर, कहा आइये बैठकर बात करें, सीजेपी ने कहा ऑफिस नहीं जंतर मंतर आओ

NEET पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने छात्रों से बातचीत का प्रस्ताव दिया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार छात्रों के साथ किसी भी समय और किसी भी जगह बात करने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में CJP को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास या कार्यालय पर बातचीत के लिए चार बार प्रस्ताव भेजा गया है।

CJP का जवाब

CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सरकार के प्रस्ताव को ठुकराते हुए कहा, ‘अगर सरकार को बात करनी है तो या तो जंतर-मंतर आए या किसी तटस्थ जगह पर चर्चा हो। हम किसी के घर या ऑफिस नहीं जाएंगे।’ इधर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने छात्रों से अपील करते हुए कहा, “सरकार के दरवाजे खुले हैं। आप जहां कहेंगे, हम वहां बात करने को तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर बेहद संवेदनशील हैं। दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सजा देने का फैसला भी इसी सोच से लिया गया है। आइए, बैठकर ईमानदारी से समाधान निकालें।”

हालाँकि CJP प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि मंत्री इस्तीफा देने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून से अनशन पर हैं और फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कनॉट प्लेस क्षेत्र की दुकानों, ऑफिस और रेस्तरां को आज शाम 6:30 बजे तक बंद रखने की अपील की है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन 34वें दिन भी जारी है। हजारों छात्र और समर्थक वहां डटे हुए हैं।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now