भारतमाला और DMF घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन, छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में एक साथ रेड

ED

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतमाला परियोजना और जिला खनिज न्यास (DMF) फंड से जुड़े कथित घोटालों की जांच में पांच जिलों के नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, कोरबा और अंबिकापुर में केंद्रीय एजेंसी की टीमें सुबह से दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच में जुटी हुई हैं।

जानकारी के मुताबिक धमतरी में कारोबारी दीपेश गांधी के ठिकानों पर ईडी ने दबिश दी है। यहां जमीन अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। टीम ने कंप्यूटर, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी खंगाला है।

वहीं दूसरी ओर DMF फंड के कथित दुरुपयोग को लेकर दुर्ग और कोरबा में भी ईडी की कार्रवाई जारी है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए आवंटित राशि का उपयोग नियमों के अनुसार हुआ या नहीं।

राजधानी रायपुर और अंबिकापुर में भी ईडी की टीमें सक्रिय हैं।

सूत्रों के अनुसार जिन लोगों के ठिकानों पर जांच चल रही है उनमें प्रकाश सालुंगे, किशोर एग्रो के शाश्वत लुणावत और मानसून एग्रो के राजेश गुप्ता शामिल हैं। अधिकारियों द्वारा बैंक खातों, टैक्स दस्तावेजों, संपत्ति संबंधी रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की पड़ताल की जा रही है।

बताया जा रहा है कि भारतमाला सड़क परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण के दौरान मुआवजा वितरण में कथित अनियमितताओं के इनपुट मिलने के बाद ईडी ने यह कार्रवाई शुरू की है। वहीं DMF फंड के उपयोग को लेकर भी एजेंसी को कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

छापेमारी के दौरान सभी ठिकानों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी और ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

ईडी की इस कार्रवाई से प्रशासनिक और कारोबारी हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जांच के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories