दूरदर्शन की मशहूर न्यूज़ एंकर सरला माहेश्वरी का निधन

February 12, 2026 12:59 PM
news anchor sarla maheshwari

दूरदर्शन के स्वर्णिम दौर की एक प्रमुख शख्सियत और लाखों दर्शकों की पसंदीदा न्यूज़ एंकर सरला माहेश्वरी (news anchor sarla maheshwari) का 12 फरवरी 2026 को निधन हो गया। यह दुखद खबर सुनकर उनके प्रशंसकों और पूर्व सहकर्मियों में गहरा शोक छा गया है। सरला जी 1976 से 2005 तक दूरदर्शन पर सक्रिय रहीं और अपनी सादगी, संयमित अंदाज, शुद्ध हिंदी उच्चारण तथा गरिमामयी प्रस्तुति के लिए पूरे देश में जानी जाती थीं। उनकी शांत और सौम्य आवाज हर शाम घर-घर पहुंचती थी, जो आज के तेज-तर्रार ब्रेकिंग न्यूज़ से बिल्कुल अलग थी।

सरला माहेश्वरी ने दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान 1976 में दूरदर्शन में ऑडिशन दिया और चयनित होकर प्रमुख एंकर बनीं। 1980-90 के दशक में वे सबसे लोकप्रिय चेहरों में शामिल थीं। मई 1991 में राजीव गांधी की हत्या की खबर उन्होंने सबसे पहले राष्ट्र को सुनाई। पंजाब में मिलिटेंसी के दौर में न्यूज़ पढ़ने के कारण उन्हें धमकियां भी मिलीं।

1997 में मदर टेरेसा की अंत्येष्टि कवर करने के बाद उन्होंने परिवार को ज्यादा समय देने का फैसला किया। साड़ी में सादगी से सजी, कम गहनों वाली उनकी मुस्कान और चेहरा लोगों के दिलों में हमेशा बस गया। उनकी याद में सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि का सैलाब उमड़ रहा है, जहां उन्हें दूरदर्शन की विश्वसनीयता और गरिमा का प्रतीक बताया जा रहा है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now