2027 तक अल नस्र से ही जुड़े रहेंगे क्रिस्टियानो रोनाल्डो

June 27, 2025 12:40 AM
Cristiano Ronaldo

खेल डेस्क। दुनिया के स्टार फुटबॉलर पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो अगले दो साल तक सऊदी प्रो लीग में खेलते नजर आएंगे। अल नस्र की जर्सी में ही वो प्रो लीग खेलेंगे। रोनाल्डो ने अल-नस्र के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट दो साल के लिए बढ़ा दिया है। इससे अब वह दो सीजन और टीम से जुड़े रहेंगे। इस सीजन के अंत में 31 मई को यह खबर आई थी कि राेनाल्डो शायद अब अल नस्र छोड़ देंगे, लेकिन उन्होंने अपना कॉन्टैक्ट जून 2027 तक का बढ़ा लिया है और वह सऊदी क्लब के साथ बने रहेंगे।

गुरुवार को इस पर क्लब और रोनाल्डो ने आधिकारिक पुष्टि की है। हाल ही में यूरोप की दूसरी सबसे प्रतिष्ठित स्पर्धा यूएफा नेशंस लीग पुर्तगाल ने जीता था। चैंपियन बनने के बाद और टूर्नामेंट में रोनाल्डो के शानदार प्रदर्शन को ही इस संबंध में फैसला करने की बड़ी वजह मानी जा रही है। इसके अलावा टीम के नेशंस लीग जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई और फाइनल में भी गोल किए। इसके साथ ही फीफा वर्ल्ड कप 2026 में भी वे अपने राष्ट्रीय टीम पुर्तगाल के लिए खेलते नजर आएंगे।

यह फैसला इसलिए भी अहम है कि रोनाल्डो की मौजूदगी से सिर्फ अल नस्र क्लब को ही मजबूती नहीं मिली, बल्कि इस पूरे टूर्नामेंट को विश्व स्तरीय पहचान मिली है। रोनाल्डो के सऊदी क्लब से जुड़ने के बाद कई इंटरनेशनल नामी खिलाड़ी सऊदी के अलग-अलग क्लब से जुड़ चुके हैं। इसमें करीम बेंजेमा, नेमार जूनियर, सादियो माने, कांते जैसे बड़े नाम शामिल है। सादियो माने भी अल नस्र से ही खेलते हैं।

यह भी पढ़ें : फुटबॉल एशियन कप 2026 क्वालिफायर में खेल रहीं छत्तीसगढ़ की किरन पिस्दा, क्रोएशिया के क्लब से खेल चुकी हैं इंटरनेशनल लीग

बता दें कि रोनाल्डो जनवरी 2023 में ढाई साल के लिए सऊदी क्लब से जुड़े थे। रोनाल्डो अब 42 साल की उम्र तक क्लब के साथ रहेंगे। क्लब के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 30 जून 2025 को समाप्त हो रहा था, जो अब दो वर्ष के लिए आगे बढ़ गया है। अल नस्र की तरफ से खेलते हुए रोनाल्डो ने अब तक करीब 105 मैचों में 93 गोल किए हैं। हालांकि करीब ढाई सेशन खेलने के बाद रोनाल्डो ने अल नस्र को सिर्फ एक ट्राॅफी यानी कि अरब कप जितवाया है। रोनाल्डो के करीब दो साल क्लब से जुड़ने के बाद क्लब और एक मजबूत पहचान मिलेगी। इससे क्लब सऊदी प्रो लीग में अपनी स्थिति को और मजबूत कर सकेगा।

रोनाल्डो विश्व में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। ये कारनामा उन्होंने 938 गोल कर किया है। क्लब और राष्ट्रीय टीम के लिए आधिकारिक मैचों में रोनाल्डो ने यह गोल किए हैं। इसके साथ ही 1,000 गोल के माइलस्टोन के करीब हैं और इस करार से उन्हें रिकॉर्ड तोड़ने का मौका मिलेगा।

क्लब के साथ अनुबंध को लेकर कोई फाइनेंशियल खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन मूल अनुबंध में उन्हें 200 मिलियन यूरो प्रतिवर्ष की कमाई हो रही थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स दावा कर रहे हैं कि नया अनुबंध 400 मिलियन यूरो तक है। इसके अलावा क्लब में 5% हिस्सेदारी भी उनके नाम होनी है।

इसे भी पढ़ें : FIFA WORLD CUP 2026: अर्जेंटीना, ब्राजील ने पक्की की जगह, देखें क्वालीफाई करने वाली सभी टीमों की लिस्ट

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now