भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो (Kuno) राष्ट्रीय उद्यान से वन्यजीव संरक्षण के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नामीबिया से लाई गई मादा चीता आशा ने 7 फरवरी को पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 35 हो गई है।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह भारत में चीता पुनर्स्थापना अभियान के तहत आठवां सफल प्रजनन मामला है। वर्तमान में देश में जन्मे और जीवित चीता शावकों की संख्या 24 तक पहुंच चुकी है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय कूनो में तैनात वन कर्मियों और पशु चिकित्सकों को देते हुए कहा कि उनकी निरंतर मेहनत और निगरानी से यह संभव हो पाया है। मंत्री ने आशा और उसके शावकों के स्वस्थ भविष्य की कामना भी की।
इधर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि इसी महीने के अंत तक बोत्सवाना से आठ और चीतों को प्रदेश लाने की तैयारी है। उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री के साथ बैठक कर पर्यटन विकास, वन क्षेत्र विस्तार और आगामी चरण की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।











