सरकारी जमीन देखने गए पार्षद प्रतिनिधि पर हमला, डेयरी संचालक समेत आरोपियों पर केस दर्ज

March 1, 2026 3:51 PM

रायपुर। राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में शासकीय भूमि के निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर विधानसभा थाना पुलिस ने डेयरी संचालक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, चांदनी चौक सड्डू निवासी भारत धीवर (50), जो ग्राम सड्डू के पार्षद प्रतिनिधि हैं, 28 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे अपने साथी शरद उर्फ बंटी पाण्डेय के साथ शासकीय जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनका कहना है कि प्रस्तावित सीमांकन से पहले जमीन की स्थिति देखने वे मौके पर गए थे।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त भूमि पर कथित कब्जा किए हुए चंदन डेयरी के संचालक चन्द्रशेखर यादव और उसके साथियों ने मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान लोहे की पाइप से हमला किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में रास्ते में बंदूक निकालने की बात कहकर डराने का भी उल्लेख किया गया है।

घटना में भारत धीवर और उनके साथी के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया गया है। मामले की शिकायत थाना विधानसभा में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पीड़ित पक्ष ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : स्वास्थ्य सेवाओं की नई उम्मीद बनीं मोबाइल मेडिकल यूनिट्स, 2400 शिविरों में 40 हजार से अधिक मरीजों का उपचार

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories