कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों के खिलाफ उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में करीब 7,000 लोगों ने भाग लिया, जिसे अभिजीत ने सफल बताया। उन्होंने कहा कि अब यह आंदोलन पूरे देश में फैलाया जाएगा।
अभिजीत दीपके प्रदर्शन के बाद महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वालुज स्थित अपने घर पहुंचे, जहां परिवार ने उनका स्वागत किया। अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि हजारों लोगों ने इतिहास रचा। कई युवा पहली बार किसी प्रदर्शन में शामिल हुए और शिक्षा व्यवस्था पर अपना गुस्सा जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अगले सात दिनों में मंत्री इस्तीफा नहीं देते तो 13 जून को फिर बड़ा प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और एकजुट विरोध उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
इस आंदोलन के बाद CJP के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। 24 घंटे में पांच लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़ गए। अभिजीत दीपके जल्द इंस्टाग्राम लाइव आकर फॉलोअर्स से बात करेंगे। विपक्षी दलों की ओर से भी शिक्षा मंत्री पर इस्तीफे की मांग तेज हो रही है, लेकिन सरकार अभी तक कोई बड़ा फैसला नहीं ले रही है।











