रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड (CG Waqf Board) ने बड़ा फैसला लेते हुए शहर काजी आरिफ अली फारूकी को उनके पद से हटा दिया है। महिला से फोन पर अश्लील बातचीत के आरोप के बाद वक्फ बोर्ड ने यह फैसला किया है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, मदरसा इस्लाहुल मुस्लिमीन यतीमखाना, बैजनाथपारा में हुई एक घटना को लेकर आरिफ अली फारूकी के खिलाफ शिकायत की गई थी। आरोप था कि उनके द्वारा की गई कार्रवाई से सामाजिक माहौल में रोष और तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। मामले को गंभीर मानते हुए शहर के उलेमा और अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
बताया गया है कि इस मुद्दे को लेकर 31 मार्च 2026 को उलेमाओं और समाज के प्रमुख लोगों की एक बैठक बुलाई गई थी। बैठक में मामले पर विस्तार से चर्चा की गई और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आरिफ अली फारूकी को रायपुर शहर काजी के पद से हटाने का निर्णय लिया गया।
वक्फ बोर्ड के आदेश में कहा गया है कि समाज में शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। आदेश जारी होने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल वक्फ बोर्ड की ओर से नए शहर काजी की नियुक्ति को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है। हालांकि माना जा रहा है कि जल्द ही इस पद के लिए नए नाम की घोषणा की जा सकती है।









