रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस (CG Police) की दबंगई का मामला सामने आया है। अपने पुराने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे एक व्यक्ति को ASI ने कथित तौर पर 15–20 थप्पड़ जड़ दिए। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद उसका कान सुन्न पड़ गया। मामले की शिकायत मिलने पर SSP ने आरोपी ASI को सस्पेंड कर दिया है और उसके खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल को रतनपुर थाने के एएसआई दिनेश तिवारी ने पीटा था। बताया जा रहा है कि विनोद जायसवाल स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी और रिश्तेदार है। विनोद जायसवाल पहले कोयले के कारोबार से जुड़ा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी मुलाकात ASI दिनेश तिवारी से हुई।
विनोद ने अपने केस की जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने की स्थिति के बारे में पूछा। आरोप है कि इसी बात पर ASI नाराज हो गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित विनोद जायसवाल का आरोप है कि ASI ने कनपटी पर 15 से 20 थप्पड़ मारे और धमकी दी कि ‘तू कितना बड़ा नेता है, तेरी सारी नेतागिरी निकाल दूंगा और तुझे जेल भिजवा दूंगा।’
घटना के वक्त थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के बदले ASI ने पैसों की मांग की थी।

घटना की जानकारी थाना प्रभारी और ट्रेनी आईपीएस अंशिका जैन को मिली, जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना एसएसपी रजनेश सिंह को दी।
पीड़ित की शिकायत पर SSP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ASI दिनेश तिवारी को तत्काल सस्पेंड कर दिया और जांच के आदेश दिए। साथ ही आरोपी ASI के खिलाफ उसी थाने में FIR भी दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित का कहना है कि थप्पड़ों की वजह से उसका कान सुन्न पड़ गया है और उसे सुनने में परेशानी के साथ सिरदर्द की शिकायत भी हो रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी ASI के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है।










