रायपुर। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने कहा है कि केंद्र सरकार के बजट से छत्तीसगढ़ में हवाई, रेल और सड़क कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
रविवार को एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे खट्टर ने सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में बजट को गरीब, युवा और किसान केंद्रित बताया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जर्मनी को पीछे छोड़ने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मजबूत आर्थिक नीतियों और इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार निवेश का परिणाम है।
मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। उड़ान (UDAN) योजना के तहत जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर से हवाई सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। साथ ही रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल को कृषि उड़ान योजना में शामिल किया गया है, जिससे कृषि उत्पादों का तेज़ और सुगम परिवहन संभव होगा।
उन्होंने कहा कि बजट में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 10 हजार करोड़ रुपये और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 के बाद से छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। अब तक राज्य में 3,400 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। भारतमाला परियोजना के तहत 571 किलोमीटर से अधिक नेशनल हाईवे कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण, वेयरहाउसिंग के विस्तार और डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना पर भी काम किया जाएगा। साथ ही कैपिटल गुड्स और हाईटेक मशीनरी निर्माण के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
यह भी पढ़ें : आबकारी भवन में ऑडिट से पहले लगी आग… क्या जल गए शराब घोटाले के रिकॉर्ड?







