Canada School Firing: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के एक छोटे से शहर टम्बलर रिज में मंगलवार को हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है। इस हमले में एक हाईस्कूल और पास के एक घर को निशाना बनाया गया, जिसमें हमलावर समेत कुल 10 लोगों की जान चली गई और 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस का मानना है कि यह एक अकेले हमलावर की करतूत हो सकती है, जिसने बाद में खुद को गोली मार ली।
स्कूल में अचानक मचा हड़कंप
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) के अनुसार घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:20 बजे शुरू हुई। टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में गोलीबारी की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पहुंचकर उन्हें स्कूल के अंदर छह शव मिले। एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसके अलावा पास के एक घर से दो और शव बरामद हुए, जो इस घटना से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर का शव भी मौके से मिला और ऐसा लगता है कि उसने खुद पर गोली चलाई। फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।
इस दुखद घटना में घायल हुए 25 लोगों में से दो की हालत बेहद नाजुक है। उन्हें हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस ने स्कूल के सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है लेकिन जांच जारी है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘टम्बलर रिज में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के दर्द को हम समझ सकते हैं। हमारी सरकार आने वाले दिनों में इस समुदाय को हर तरह की मदद उपलब्ध कराएगी।’ स्थानीय निवासियों का कहना है कि इतनी शांत जगह पर इस तरह का हमला बेहद चौंकाने वाला है। टम्बलर रिज रॉकी पर्वतों के नीचे बसा एक छोटा शहर है, जहां की आबादी महज 2,400 के आसपास है। यहां के लोग अब सदमे से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस अभी हमलावर की पहचान और मकसद की जांच कर रही है। शुरुआती रिपोर्ट्स में कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। कनाडा में स्कूल गोलीबारी की घटनाएं दुर्लभ हैं, लेकिन यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।










