रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की अवैध दुकान को नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह की गई। आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है।
नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन से आरोपी की अवैध दुकान को ध्वस्त किया और बाद में मलबा हटाया गया। बताया गया कि आरोपी चूड़ियों की दुकान चलाता था, जो नगर निगम के नियमों के खिलाफ बनाई गई थी।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने 7 से 11 जनवरी के बीच अपने ही मोहल्ले की 9 साल की बच्ची को चॉकलेट और खाने-पीने का लालच देकर कई बार अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की दुकान अवैध निर्माण की श्रेणी में आती थी। 16 जनवरी को नोटिस चस्पा किया गया था, लेकिन तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है और अवैध निर्माण के मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
यह भी पढ़ें : नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी के घर चलेगा बुलडोजर







