लेंस डेस्क। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में हुई नाव दुर्घटना में 10 श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई। हादसा केशी घाट के पास नाव के पीपा पुल से टकराने वजह से हुआ। नाव में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे, जो मुख्य रूप से पंजाब के लुधियाना और मुक्तसर (मुक्तेश्वर) क्षेत्र से घूमने आए एक बड़े दल का हिस्सा थे।
यह घटना श्री बांके बिहारी मंदिर से करीब ढाई किलोमीटर दूर केशी घाट पर दोपहर करीब 2:45 बजे हुई। तेज हवा चलने के कारण नाव पर काबू नहीं रहा और वह पुल से टकरा गई। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि पुल की मरम्मत का काम चल रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस, स्थानीय प्रशासन, SDRF, NDRF और करीब 50 स्थानीय गोताखोरों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर सर्च-एंड-रिस्क्यू अभियान चलाया।
15 से 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें से कुछ को अस्पताल पहुंचाया गया, जिसमें एक व्यक्ति को भर्ती कराया गया। कुछ लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मथुरा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत और डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने घटना की पुष्टि की। मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगातार चल रहा है और जिला प्रशासन की उच्च अधिकारी टीम मौके पर मौजूद है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लिया है और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट में प्रत्यक्षदर्शी गुलाब ने बताया कि तेज हवा के कारण नाव पलट गई। नाव एक प्राइवेट नाविक की थी। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और आगे की जांच कर रहा है कि हादसे की वजह क्या रही।










