बिलासपुर। शहर में मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक बड़ी लूट की घटना ने शहर को हिलाकर रख दिया। राजकिशोर नगर इलाके में हथियारों से लैस बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी पर हमला बोलकर लगभग 3 करोड़ 35 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। हमले में कार भी लूट ली गई, जो बाद में शहर के सूनसान इलाके से बरामद हो गई।
महालक्ष्मी ज्वेलर्स के मालिक संतोष तिवारी दुकान बंद करके अपनी कार से घर की ओर जा रहे थे, तभी बदमाशों ने एक वैन से उनका रास्ता रोक दिया। जब उन्होंने विरोध जताया, तो आरोपियों ने उनके सिर पर हथौड़े और पिस्तौल के कुंदे से जोरदार वार किए। इससे वे बुरी तरह घायल होकर गिर पड़े।
किसी तरह घर पहुंचकर उन्होंने रिश्तेदारों की मदद से पुलिस को सूचना दी। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर की गंभीर चोटों के कारण 50 टांके लगे और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, लुटेरों ने कारोबारी की कार भी ले उड़े, जिसमें जेवर रखे हुए थे। रात भर छापेमारी के बाद उरतुम के नजदीक उनकी कार बरामद हुई, लेकिन बदमाश दूसरी गाड़ी से भाग निकले। पुलिस को आशंका है कि 6 से अधिक लोग इस वारदात में शामिल थे।
घटना के दौरान आसपास के एक घर के सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई। फुटेज में बदमाश कारोबारी को घेरकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच एक स्कूटी पर आया युवक रुक गया, लेकिन लुटेरों ने उसे बंदूक दिखाकर वहां से भगा दिया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।







