नीतीश ने दोगुने से भी ज्‍यादा बढ़ाई पेंशन, तेजस्वी ने कहा-हम देंगे 1500, पीके बोले-कर देंगे दो हजार  

June 21, 2025 8:26 PM
Bihar Pension Hike

पटना। विधानसभा चुनाव से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा दांव चल दिया है। बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं की मासिक पेंशन को दोगुने से अधिक बढ़ाने का ऐलान कर दिया। शनिवार को उन्‍होंने इसकी घोषणा की। यह फैसला जुलाई से लागू होगा। राज्‍य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 1,09,69,255 लाभार्थी हैं, जिन्‍हें इस योजना का फायदा पहुंचेगा।

नीतीश कुमार ने कहा, “मुझे खुशी है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अब सभी बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवाओं को 400 रुपये की जगह 1100 रुपये हर महीने पेंशन मिलेगी। जुलाई से सभी लाभार्थियों को बढ़ी हुई पेंशन मिलेगी। यह राशि हर महीने की 10 तारीख को उनके खाते में पहुंचेगी। इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लोगों को बहुत मदद मिलेगी।”

उन्होंने आगे कहा, “बुजुर्ग समाज का कीमती हिस्सा हैं और उनकी सम्मानजनक जिंदगी सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में और प्रयास करेगी।”

यह घोषणा इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले आई है। जनता दल (यूनाइटेड) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सहयोगी पार्टियां, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं।

बिहार सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत भी बदलाव किया है। अब गांव के मुखिया 10 लाख रुपये तक की योजनाओं को स्वतंत्र रूप से मंजूरी दे सकेंगे, जो पहले 5 लाख रुपये तक सीमित था।

हाल ही में हुई एक बैठक में मुख्यमंत्री ने पंचायती राज व्यवस्था के चुने हुए प्रतिनिधियों के भत्ते में भी बढ़ोतरी को मंजूरी दी। जिला परिषद अध्यक्ष का मासिक भत्ता 20,000 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये, उपाध्यक्ष का भत्ता 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये और मुखियाओं का भत्ता 5,000 रुपये से बढ़ाकर 7,500 रुपये कर दिया गया है।

फैसले से सियासी घमासान  

चुनावी साल में बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाने के फैसले ने बिहार में राजनीतिक हलचल मचा दी है पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर उनकी घोषणा की नकल करने का आरोप लगाया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह किया जाएगा और ‘माई बहन योजना’ के तहत महिलाओं को 255 रुपये दिए जाएंगे।

जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने दावा किया कि उनके दबाव के कारण सरकार ने पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किया है। पीके ने यह भी वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर पेंशन को 2000 रुपये मासिक तक बढ़ाया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now