शव यात्रा पर नाचती डांसर क्या लड़कियों और धर्म की गरिमा का उल्लंघन करती हैं?

bihar katha

“मौत को देखकर कोई भी सहम जाएगा.. चाहे अपनी मौत हो या गैरों की। लेकिन हमें उस शव यात्रा में डांस करना पड़ता है। कई जगह नाचने के दौरान लोग बदतमीजी भी करते हैं। रोते और उदास लोगों की भीड़ में कुछ लोग पास बुलाकर छूने की कोशिश करते हैं। बहुत अजीब लगता है लेकिन पापी पेट का सवाल है।” 33 वर्षीय झूना बताती है।

“वर्ष 2020 में मुझे जब पहली बार शव यात्रा में डांस करने को बोला गया तो मैं हैरान हो गई। हमारे घर नेपाल में कभी इस तरह का नहीं सुना था। घरवाले ने हमें बताया कि मरने वाले व्यक्ति का तमन्ना था कि उसके मरने पर नचनिया नाचे। हम तो पैसे के लिए काम करेंगे लेकिन कमाल है कि लोगों को मरनी पर भी नचाने का कमाल का शोक है।” काजल कुमारी बताती है।

काजल और झूना पेशेवर डांसर हैं। आर्केस्ट्रा में डांस करने वाली यह लड़कियां शादी, तिलक, मुंडन, जन्मदिन के अलावा अब श्राद्ध के आयोजनों पर भी नाचती हैं। इस पूरी प्रथा को ‘बाईजी का नाच’ कहा जाता है। यह अजीबोगरीब परंपरा बिहार के कई हिस्सों में पाई जाती है। बिहार की संस्कृति और रीति-रिवाजों का हिस्सा बन चुकी इस परंपरा को लेकर एक सवाल उठता है कि क्या यह परंपरा लड़कियों के अधिकारों और गरिमा का उल्लंघन नहीं करती है? हिंदू धर्म के अनुसार यह परंपरा कितना सही है?

जन्म की तरह मृत्यु भी उत्सव

सोशल मीडिया पर बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों के कई ऐसे वीडियो वायरल हैं, जिसमें व्यक्ति की शव यात्रा के दौरान लोग डीजे पर नाचते-गाते नजर आ रहे हैं। आमतौर पर अंतिम यात्रा में आंसू देखने को मिलते हैं, वहीं इन वीडियो में जश्न वाला माहौल दिखता है। इसे कई लोग सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ मानते हैं तो कुछ इसे परंपराओं के खिलाफ मानते हैं।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के छात्र हैप्पी सिंह राजपूत यूपीएससी की तैयारी करते हैं। आरा के रहने वाले हैप्पी सिंह बिहार की संस्कृति पर अध्ययन कर रहे हैं। वह बताते हैं कि, “पूरे बिहार में इस तरह का प्रचलन नहीं है। कुछ भोजपुरी भाषा के इलाकों में अंतिम संस्कार पर डांस करवाने का यह चलन लगातार बढ़ रहा है। अपवाद के रूप में कुछ मगध का क्षेत्र भी है। जिसमें शव यात्रा के दौरान या श्राद्ध कर्म में लोग नाच का कार्यक्रम आयोजित करवाते हैं।”

वहीं मैथिली भाषा के लेखक और रिटायर्ड अधिकारी अरुण कुमार झा बताते हैं कि, “जन्म और मृत्यु में फर्क रहना चाहिए। अभी जो गाने बजाए जा रहे हैं और लड़कियों को नाचने के लिए बुलाया जा रहा है उसमें बस अपनी ताकत का प्रदर्शन किया जाता है।”

वहीं कुछ लोग इस तर्क पर इसके समर्थन में हैं कि, “मृत्यु शोक नहीं मुक्ति का विषय है। मुक्ति पर रोते नहीं, जश्न मनाते हैं।” “अगर कोई पूरी उम्र पाकर स्वर्ग को प्राप्त करता है तो ऐसा जश्न मनाया जाता है. ऐसी हमारे यहां भी प्रथा है।” वहीं एक व्यक्ति लिखता है कि, “मृत्यु एक सच्चाई है, और बिहार के लोग सच्चाई का जश्न मना रहे हैं।”

इन श्राद्ध कार्यक्रमों में शादी की तरह ही फायरिंग की भी घटना देखने को मिली है। नवंबर 2024 में नालंदा के मखदुमपुर गांव में श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग से 18 वर्षीय आशीर्वाद कुमार की मौत हो गई थी। बार बालाओं के डांस के बीच अशोक यादव के बहनोई ने फायरिंग की जिससे गोली आशीर्वाद की कनपटी में लगी।

हमारे काम को काम नहीं बल्कि धंधा माना जाता

नाम न बताने की शर्त पर थिएटर की एक नर्तकी बताती हैं। यह नर्तकियां मुख्य रूप से थिएटर के लिए काम करती हैं। इसके अलावा शादी-ब्याह और अन्य फंक्शन में भी जाती हैं। शव यात्रा में डांस करने सिर्फ एक या दो बार गई हुई हैं। वह बताती हैं कि, “शादी और मरनी दोनों में रात के 8 बजे से सुबह के 5 बजे तक डांस करना पड़ता है। इसका रेट फिक्स है। 6000 से 10000 के बीच में। शव यात्रा में ले जाने का अलग मिलता है।”

वहीं 33 वर्षीय झूना बताती हैं कि, “पहले हिंदी में अब भोजपुरी के गाने बजते हैं। अश्लील भोजपुरी गाने पर शरीर के सामने डांस करना मजबूरी के अलावा क्या होगा? जरूरत है तो कर रही हूं। कपड़ों के अंदर हाथ डाल देते हैं। शिकायत कोई सुनने वाला नहीं है।”

1 महीना पहले फरवरी 2026 को बिहार के आरा जिले में एक महिला डांसर स्टेज पर नाच रही थी। इसी बीच कुछ लोगों ने महिला डांसर को सिक्के पकड़ाने शुरू कर दिए। लेकिन ये सिक्के सीधे उसके मुंह में पकड़ाए जा रहे थे। इसी अफरातफरी में एक सिक्का महिला डांसर के गले में चला गया। नाच का कार्यक्रम बीच में ही रुक गया और महिला डांसर को अस्पताल ले जाना पड़ा।

हाल-फिलहाल की घटना

जनवरी 2026 में मुंगेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 43 स्थित हेरुदियारा की रहने वाली 95 वर्ष की बुधिया देवी की शव यात्रा में उनके बेटे ने पांच किलोमीटर लंबी शव यात्रा निकाली। जिसमें डीजे पर भोजपुरी गाने बजाए गए और घोड़ों को नचाया गया। उनके 6 बेटे और 3 बेटियां, 12 पोते और 6 पोतियां हैं।

बेटे जोगीन्द्र यादव ने बताया कि, “यह उनकी मां की अंतिम इच्छा थी, जिसे पूरा किया गया है। इस अनोखे दृश्य को देखकर रास्ते में लोग तरह-तरह की बातें करते नजर आए।”

वहीं बुधिया देवी के पोते ने कहा कि, “दादी की मृत्यु से दुख तो है लेकिन खुशी से हम लोग इसे मनाते हैं। दादी ने पूरे जीवन परिवार को एकजुट रखा। कभी किसी से भेदभाव नहीं किया।”

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now