शराब सिंडिकेट को लेकर BJP सरकार पर पूर्व CM का बड़ा हमला, कहा – छत्तीसगढ़ में शराब का ब्रांड बदलकर करोड़ों का खेल

Bhupesh Baghel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि प्रदेश में ‘भाजपा का शराब सिंडिकेट’ चल रहा है और शराब के नाम पर बड़ा घोटाला किया जा रहा है।

भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार में सिंडिकेट बनाकर शराब घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले का पर्दाफाश राजनांदगांव से शुरू हुआ है, जहां लंबे समय तक प्रभारी मंत्री के तौर पर उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा जिम्मेदारी संभालते रहे हैं।

बघेल ने आरोप लगाया कि शराब दुकानों में सस्ती बियर के कैन पर महंगी बियर का स्टीकर लगाकर बेचा जा रहा है। उनके मुताबिक वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैन के ऊपर किसी दूसरी कंपनी का स्टीकर लगाया गया है, जबकि अंदर का माल किसी और कंपनी का है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे कमीशन, सेटिंग और संरक्षण का खेल बताते हुए कहा कि शराब के ब्रांड बदलकर करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है।

बघेल ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘अफीम, शराब और अन्य मामलों पर सरकार की चुप्पी बहुत कुछ बयान कर रही है और जनता सब समझ रही है।‘

भूपेश बघेल ने सवाल उठाते हुए लिखा कि इस कथित गिरोह का असली सरगना कौन है, यह भी जनता समझ रही है और आखिर सरकार कब तक इस पर चुप रहेगी।

इस पोस्ट के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर शराब नीति और कथित घोटाले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

इस मामले में अभी तक राज्य सरकार या भाजपा की ओर से किसी भी तरह की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

यह भी पढ़ें : अफीम की खेती करने वाले निलंबित भाजपा नेता को फिर से रिमांड में लेकर पूछताछ करेगी छत्तीसगढ़ पुलिस

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now