Bangladesh Cricket में हंगामा मचा हुआ है। क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के डायरेक्टर एम नजमुल इस्लाम को सख्त अल्टीमेटम दे दिया है। अगर वे गुरुवार दोपहर 1 बजे तक अपना पद छोड़कर इस्तीफा नहीं देते तो देश के खिलाड़ी क्रिकेट के सभी फॉर्मेट (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) का बायकॉट कर देंगे। यह अल्टीमेटम खास तौर पर बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के मैच से पहले का है, जो स्थानीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होने वाला है। CWAB के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह ऐलान किया।
विवाद की वजह क्या है?
यह सब तब शुरू हुआ जब BCB डायरेक्टर नजमुल इस्लाम ने पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ कहकर बेइज्जत किया। तमीम ने मुस्तफिजुर रहमान के IPL विवाद के बाद दोनों देशों के बीच बातचीत की अपील की थी लेकिन नजमुल ने उनका मजाक उड़ाया। इसके अलावा, नजमुल ने खिलाड़ियों पर तंज कसा कि वे बोर्ड के निवेश को जस्टिफाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप 2026 नहीं खेलता, तो बोर्ड को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि खिलाड़ियों को ही आर्थिक घाटा उठाना पड़ेगा।यह टिप्पणियां खिलाड़ियों को बहुत बुरी लगीं। CWAB ने इसे अपमानजनक बताया और बोर्ड से माफी मांगने की मांग की, लेकिन अब वे सीधे इस्तीफे पर अड़े हैं।
बोर्ड का रुख
BCB ने नजमुल के विवादित बयानों पर अफसोस जताया है। बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि ये कमेंट बोर्ड के आधिकारिक रुख को नहीं दिखाते। साथ ही, खिलाड़ियों का अपमान करने या बांग्लादेश क्रिकेट की इज्जत को ठेस पहुंचाने वाले व्यवहार पर सख्त डिसिप्लिनरी एक्शन की चेतावनी दी है।मुस्तफिजुर-IPL
विवाद की पूरी कहानी
सब कुछ शुरू हुआ मुस्तफिजुर रहमान से। दिसंबर 2025 में IPL मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों के विरोध में भारत में विरोध हुआ। BCCI ने KKR को निर्देश दिया और 3 जनवरी 2026 को मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया गया। इससे बांग्लादेश में गुस्सा भड़का। BCB ने ICC से अनुरोध किया कि T20 वर्ल्ड कप 2026 के उनके मैच भारत से बाहर (श्रीलंका में) कराए जाएं, क्योंकि खिलाड़ियों की सुरक्षा को खतरा है लेकिन ICC ने यह मांग ठुकरा दी है। अगर नजमुल इस्तीफा नहीं देते, तो BPL मैच रुक सकते हैं और पूरा क्रिकेट ठप हो सकता है। यह संकट T20 वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश क्रिकेट के लिए बड़ा झटका है।










