रायपुर। उर्दू अदब की रवायत और शायरी की खूबसूरत विरासत को आगे बढ़ाते हुए बज्मे अदब (Bajam-E-Adab) की ओर से कामरेड अकबर और सलमा सरोश की याद में ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन 31 जनवरी को होगा। बज्मे अदब का यह आठवां आयोजन है।
यह मुशायरा रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित होगा, जिसमें देश भर से नामचीन और मकबूल शायर शिरकत करेंगे।
इस अदबी महफिल में आलम खुर्शीद, तारा इक़बाल, प्रो. रहमान मुसव्विर, नीलोफर नूर, कुंवर रंजीत चौहान, प्रियंवदा सिंह ‘इलहाम’, तसनीफ़ हैदर, राफिया ज़ैनब के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की जानी-मानी शायरा नुरुस्सबा और वरिष्ठ शायर शरीफ बिलासपुरी अपनी शायरी से समां बांधेंगे।
बज्मे अदब की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस आठवें आयोजन के दौरान उर्दू ज़ुबान की तरक्की और अदब की बेहतरी के लिए लंबे समय से योगदान दे रहे वरिष्ठ शायर शरीफ बिलासपुरी और गौहर जमाली को विशेष सम्मान से नवाज़ा जाएगा।
गौरतलब है कि मुशायरे का यह कार्यक्रम 2015 से लगातार जारी है। इस पहल के तहत अब तक 7 ऑल इंडिया मुशायरे, गुफ़्तगू और अन्य अदबी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।









